विज्ञापन
ललन झा@समाचार चक्र
अमड़ापाड़ा-अपराधों से चोली-दामन का रिश्ता रखने वाला 39 वर्षीय तालू मूर्मू उर्फ खलासी को अमड़ापाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में पाकुड़ भेज दिया है। साहेबगंज जिले के मिर्जाचौंकी थाना के छोटा लक्ष्मी गांव निवासी तालू मूर्मू को गत 4 मार्च को होली के दिन स्थानीय थाना क्षेत्र के कोयला रोड पर बरमशिया मोड़ के समीप एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ अमड़ापाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक वरिय पदाधिकारी के निर्देशानुसार इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एसआई चंदन कुमार सिंह, एएसआई संतोल मूर्मू, एसआईअरबी के हवलदार सतपाल कुमार, आनंद मालतो, और प्रकाश असुर सहित थाना के रिजर्व गार्ड के रूप में तैनात आरक्षी संदीप शर्मा ने के द्वारा छापेमारी की गई। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान जब टीम बरमशिया मोड़ के निकट कोयला रोड पर पहुंची तो पुलिस गाड़ी देख एक व्यक्ति भागने लगा जिसे सशत्र बल के सहयोग से उल्लिखित स्थल पर स्थित जंगल के निकट से पकड़ लिया गया।
विज्ञापन
पकड़ाए व्यक्ति से तहकीकात करने पर उसने अपना नाम तालू मूर्मू उर्फ खलासी बताया। जब उसकी विधिवत तलाशी ली गई तो उसके पास छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस जुर्म में बीएनएस के अंतर्गत आर्म्स एक्ट की सुसंगत धारा के तहत गत 4 मार्च को स्थानीय पुलिस ने उसके खिलाफ कांड संख्या : 8/2026 दर्ज किया और गुरुवार को निर्धारित समयानुसार न्यायिक अभिरक्षा में पाकुड़ भेज दिया। सूत्रों के अनुसार वह पुलिस इनकाउंटर में मारे गए कुख्यात सूर्या हांसदा का राइट हैंड बताया गया है जो इस क्षेत्र में अपने कुनबे को मजबूत करने की फिराक में लगा हुआ था। हालांकि, पुलिस ने गोपनीय सूचना पर मुस्तैदी और सक्रियता से काम किया और अपराधी तालू को गिरफ्तार कर लिया।
तालू मूर्मू उर्फ खलासी का रहा है बड़ा आपराधिक इतिहास : गोड्डा जिले के ललमटिया थाना में 28 मई 2025 को दर्ज कांड संख्या : 44/2025 , फिर इसी थाने में 12 जून 2025 को दर्ज कांड संख्या : 48/25 , फिर गोड्डा जिले के ही बोआरीजोर थाना में गत 11 अगस्त 2025 को दर्ज कांड संख्या : 35/2025 के तहत आर्म्स एक्ट व अन्य मामलों का तालू मूर्मू आरोपी रहा है। अलावे इसके साहेबगंज जिले के मिर्जाचौंकी थाने में अलग-अलग तिथियों में उसके विरुद्ध गत 2.6.2025 , 5.6.2025 और 9.6.2025 को दर्ज अलग-अलग कांड संख्या : 34/2025, 35/2025 और 37/2025 के तहत आर्म्स एक्ट के ही मामले दर्ज हैं। इस प्रकार उस पर उल्लिखित जिलों के विभिन्न थानों में पूर्व से ही छह कांड दर्ज हैं। जबकि सातवां कांड आर्म्स एक्ट के तहत गत 4 मार्च को अमड़ापाड़ा थाना में उसके खिलाफ कांड संख्या: 8/2026 दर्ज किया गया है।

