विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
महेशपुर– महेशपुर क्षेत्र के बारह बीघा निवासी रविंद्र यादव के घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने घर के समीप एक विशालकाय सांप को देखा।करीब 9 फीट लंबे इंडियन रैट स्नेक (धमना सांप) को देखते ही आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।घटना की सूचना मिलने पर प्रसिद्ध वन्यजीव संरक्षक एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यूअर अशरफुल शेख अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने काफी सावधानी और कुशलता के साथ सांप का रेस्क्यू अभियान चलाया।कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।अशरफुल शेख ने बताया कि पकड़ा गया सांप इंडियन रैट स्नेक, जिसे स्थानीय भाषा में धमना कहा जाता है।यह विषहीन प्रजाति का सांप है और आमतौर पर चूहों एवं अन्य छोटे जीवों को खाकर पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें,बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों ने अशरफुल शेख और उनकी टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो कोई अप्रिय घटना हो सकती थी।इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन

विज्ञापन


