विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
कोटालपोखर-साहिबगंज जिले के कोटालपोखर स्थित संत जेवियर्स स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर 17 एवं 18 जुलाई 2026 को विद्यार्थियों,अभिभावकों और शिक्षकों के लिए दो दिवसीय अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।न्यू सरस्वती हाउस के रिसोर्स पर्सन अरिंदम बानीक एवं विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को नई शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन,आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रमुख पहलुओं से परिचित कराना था।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य फादर डॉक्टर स्टीफन राज के स्वागत भाषण से हुआ।उन्होंने दोनों रिसोर्स पर्सन का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास की प्रयोगशाला है।उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से मिलकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।पहले दिन विद्यार्थियों के लिए आयोजित सत्र में रिसोर्स पर्सन ने विद्यालय के नियमों,अनुशासन, शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली एवं उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन,समय-पालन, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच तथा विद्यालय की प्रत्येक सुविधा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें यह संदेश दिया गया कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे अपने शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन से बिना संकोच संपर्क करें।
विज्ञापन

विज्ञापन


इसी दिन अभिभावकों के लिए भी विशेष ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय की शैक्षणिक नीतियों, मूल्यांकन प्रणाली, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, गृहकार्य,अध्ययन की आदत,डिजिटल सुरक्षा, स्वास्थ्य,नैतिक शिक्षा तथा घर में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व से अवगत कराया। अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का भी आग्रह किया गया।
दूसरे दिन,18 जुलाई को शिक्षकों के लिए विशेष अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र में रिसोर्स पर्सन ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन,नवाचार एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख प्रावधानों,आधुनिक शिक्षण तकनीकों, डिजिटल शिक्षण संसाधनों, गतिविधि- आधारित शिक्षण,सतत एवं व्यापक मूल्यांकन, समावेशी शिक्षा तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के दौरान समूह गतिविधियाँ,विचार- विमर्श और प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।उन्हें विद्यालय की वार्षिक कार्ययोजना,परीक्षा प्रणाली,सह-शैक्षणिक गतिविधियों,सुरक्षा मानकों तथा विद्यालय के नियमों से भी अवगत कराया गया।दो दिवसीय इस अभिमुखीकरण कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।बहरहाल
संत जेवियर्स स्कूल, कोटालपोखर का यह दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम केवल औपचारिक परिचय तक सीमित नहीं रहा,बल्कि नई शिक्षा नीति, आधुनिक शिक्षण तकनीकों,नैतिक मूल्यों, डिजिटल सुरक्षा और विद्यालय-अभिभावक साझेदारी को मजबूत बनाने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। यह कार्यक्रम नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक और प्रभावशाली शुरुआत का संदेश देने में पूरी तरह सफल रहा।

