विज्ञापन

अबुल काशिम@समाचार चक्र
पाकुड़। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में नशाखोरी (ड्रग्स) के खिलाफ लगातार कार्रवाई से धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। इस धंधे से जुड़े लोगों की नींद उड़ी हुई है। कब कहां रेड पड़ जाए, इसका एक डर सा बना हुआ है। नशे के धंधे को रोकने के लिए मुफस्सिल पुलिस की एक बड़ी खासियत यह भी है कि आम लोगों के बीच जाकर जागरूकता फैलाने का भी काम कर रहे हैं। इधर नशे के खिलाफ मुफस्सिल पुलिस की कार्रवाई से आम लोगों में खुशी का माहौल है। लोग इसमें युवा थाना प्रभारी गौरव कुमार की नेतृत्व क्षमता को देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि नशे के खिलाफ लगातार मिल रही सफलता युवा थाना प्रभारी गौरव कुमार की काबिलियत को साफ दर्शाता है। जिस तरह से ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ कर रहे हैं और इस धंधे से जुड़े लोगों को सलाखों के पीछे भेजने का काम कर रहे हैं, काबिले तारीफ है। उनके नेतृत्व क्षमता को सीधे तौर पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ की गई त्वरित कार्रवाई से आंकी जा रही है। नशे का कारोबार और जुआ के खिलाफ सख्त कदम उठाने से अपराधियों में पुलिस का खौफ स्वाभाविक है। कानून व्यवस्था की बात करें तो क्षेत्र में शांति बनाए रखना और किसी भी विवाद को समय रहते सुलझा लेना, उनके कुशल नेतृत्व की निशानी है। आम लोगों में चर्चा है कि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करना और समय पर मामलों का खुलासा करना थाना प्रभारी की कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है। जब पुलिस गैरकानूनी कार्यों पर रोक लगाती है, तो आम जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ता है और वे बेखौफ होकर अपनी शिकायतें दर्ज करा पाते हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि थाना प्रभारी गौरव कुमार के प्रति आम लोगों का भरोसा बढ़ा है।
कब-कब ड्रग्स के खिलाफ हुई कार्रवाई
विज्ञापन

विज्ञापन

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई और ड्रग्स बेचते हुए पकड़े जाने की हाल की दो-दो प्रमुख घटनाएं सुर्खियों में है। इनमें 02 जुलाई 2026 को इशाकपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नशा का कारोबार करने वाले आलमगीर आलम नामक व्यक्ति को पकड़ा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव कर उसे छुड़ा लिया था। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उधर 09 जून 2026: को झिकरहटी पश्चिमी के पुष्पानगर गांव में पुलिस ने एक चाय दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और गांजा के साथ दो तस्करों अंसारुल शेख और सादुल शेख को गिरफ्तार किया था। इन दोनों कार्रवाई से आम लोगों के मन में थाना प्रभारी गौरव कुमार के प्रति एक अलग विश्वास जगा है। हालांकि गत साल 17 जुलाई 2025 को भी मुफस्सिल पुलिस ने काकड़बोना गांव के रहने वाले हाजीबुल शेख को 22 ग्राम ब्राउन शुगर और नकदी के साथ गिरफ्तार किया था।
थाना प्रभारी ने कहा
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि ड्रग्स जैसे नशे के धंधों को रोकने के लिए पहला काम समाज में जागरूकता फैलाने का किया जा रहा है। हाल के दिनों में हरिगंज गांव में बुद्धिजीवी और युवाओं के बीच बैठक कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। एक टीम या कमेटी भी बनाई गई, जो नशाखोरी को रोकने के लिए सामाजिक स्तर पर काम करेगी। यह टीम ड्रग्स का काम करने वालों को पहले तो समझाएगी और अगर नहीं समझे, तो पुलिस को सूचना देगी। फिर पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि केकेडीएम हाई स्कूल में भी एसडीपीओ सर के नेतृत्व में एक जागरूकता कार्यक्रम किया गया था। जिसमें स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को नशा के दुष्परिणाम और नशाखोरी को रोकने के लिए जागरूक किया गया। इस तरह हम आगे भी जागरूकता फैलाने का काम करेंगे।
सावधान हो जाएं ड्रग्स के धंधेबाज
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने ड्रग्स के धंधेबाजों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वे इस धंधे को छोड़ दें। अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहे। किसी भी कीमत पर समाज को बर्बाद करने वाले ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इसलिए आज ही धंधा छोड़ दें, कल का इंतजार ना करें।

