विज्ञापन

ललन झा@समाचार चक्र
अमड़ापाड़ा। पोखरिया बाईपास के समीप सड़क हादसे में बासकेंदरी निवासी हेमलाल मुर्मू (22 वर्ष) की मौत के बाद उपजा आक्रोश सोमवार को प्रशासनिक सूझ-बूझ से शांत हो गया। मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों के द्वारा रविवार दोपहर से कोलकीपाड़ा मोड़ पर करीब चौबीस घंटों तक कोयला पथ को अवरुद्ध कर दिया था।
विज्ञापन

विज्ञापन


अमड़ापाड़ा-पाकुड़ पथ पर कोयला परिवहन पूरी तरह ठप हो गया था। प्रशासन और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों के बीच हुई कई दौर की वार्ता में मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति के बाद आवागमन सुचारू हुआ। इस दौरान जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने दूरभाष पर एसडीपीओ विजय कुमार से भी मामले की जानकारी लिया और पीड़ित परिवार को उचित न्याय दिलाने की बात कही। मौके पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष मनोज मरांडी व अन्य कार्यकर्ता डटे रहे। सोमवार को एसडीपीओ विजय कुमार, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा व महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा ने दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया। 24 घंटों तक परिवहन ठप रहने से सड़क पर सैकड़ों कोयला लोड डंपर फंसे रहे। माहौल गमगीन व असहज रहा। हालांकि प्रशासनिक मुस्तैदी से स्थिति सामान्य हो गई।


