विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
कोटालपोखर-जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार ने 8 जुलाई 2026 को +2 उच्च विद्यालय, कोटालपोखर का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं,जिस पर डीईओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए 15 दिनों के अंदर सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि पुनः निरीक्षण में अव्यवस्था मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में 1062 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं,जबकि निरीक्षण के समय केवल 445 विद्यार्थी उपस्थित मिले।विद्यालय में 121 बेंच-डेस्क उपलब्ध होने और 14 कमरों में से 6 कमरे खाली रहने के बावजूद छात्रों की परीक्षा बरामदे और जमीन पर बैठाकर ली जा रही थी। डीईओ ने इस पर स्पष्टीकरण मांगते हुए क्षतिग्रस्त बेंच-डेस्क की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान छात्र कोष एवं विकास कोष में लाखों रुपये की राशि उपलब्ध होने की जानकारी मिली। डीईओ ने विद्यालय प्रबंधन को संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।शिक्षकों की उपस्थिति की जांच में एक शिक्षिका चंदा रानी विद्यालय से अनुपस्थित पाई गईं तथा ई- विद्यावाहिनी पोर्टल पर भी उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं थी।इस मामले में प्रभारी प्रधानाचार्य के माध्यम से उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।डीईओ ने सभी शिक्षकों को पाठ्य-टीका नियमित रूप से अपडेट करने,हर हाल में ऑनलाइन अवकाश लेने के निर्देश देते हुए स्प्लिट सिलेबस के अनुसार पढ़ाई कर उसकी एंट्री ऐप में अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया।उन्होंने यह भी कहा कि जिस विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं होंगे,वहां स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई सुनिश्चित की जाए।विद्यालय का भ्रमण कर छात्रों से बातचीत के दौरान डीईओ ने पाठ्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुनः निरीक्षण में कमियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही.
विज्ञापन

विज्ञापन


