Homeपाकुड़अंडर-19 वूमेंस क्रिकेट में रांची व धनबाद की शानदार जीत
Maqsood Alam
(News Head)

अंडर-19 वूमेंस क्रिकेट में रांची व धनबाद की शानदार जीत

समाचार चक्र संवाददाता

पाकुड़। जेएससीए इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन बी ग्रुप के टीमों का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। लोहरदगा और धनबाद की टीम के बीच मुकाबला जहां रोमांचक रहा, वहीं पाकुड़ और रांची के बीच बिल्कुल ही एकतरफा मुकाबला रहा। धनबाद की टीम ने लोहरदगा के जबड़े से जीत छीन ली और रोमांचक मुकाबले में तीन रनों से हराया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला शुरू होने से पहले धनबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 106 रन बनाएं। इसके जवाब में लोहरदगा की टीम चार विकेट खोकर 103 रन ही बना पाई। इस तरह लोहरदगा को तीन रन से हार का सामना करना पड़ा। धनबाद की ओर से बबली कुमारी ने 22 और किंजल सिंह ने 15 रनों का योगदान दिया। जबकि लोहरदगा की ओर से प्राची प्रसाद ने 26, वैष्णवी ने 24 और विनीता कुमारी ने 19 रन बनाए। लोहरदगा की अंकिता कुमारी मौर्या को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। अंकिता ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया और उन्होंने 4 ओवर के स्पैल में सिर्फ तेरह रन देकर दो विकेट चटकाए। उधर रांची ने टॉस जीतकर पाकुड़ को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और पाकुड़ ने 9 विकेट खोकर 13 ओवर में महज 60 रन ही बना पाई। इस आसान लक्ष्य को रांची ने महज 6.5 ओवर में ही 63 रन बनाकर हासिल कर लिया। पाकुड़ टीम की ओर से रेवेका मुर्मू ने 15 और नेहा किस्कू ने 13 रनों की पारी खेली। वहीं रांची टीम से रिद्धिमा गौतम ने 35 और प्रियांश्री कुमारी ने 17 रनों का योगदान दिया। प्रियांश्री कुमारी ने गेंदबाजी में भी जलवा दिखाया। उन्होंने तीन ओवर की गेंदबाजी में नौ रन खर्च किए और तीन विकेट चटकाए। इनमें एक मेडन ओवर भी शामिल रहा। प्रियांश्री कुमारी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच का आयोजन पाकुड़ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के देखरेख में संपन्न हुआ। जिसमें एसोसिएशन के सचिव प्रणय तिवारी, रानू सिंह एवं अन्य का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Recent Comments