समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर चल रहे राजनीतिक विरोध के बीच सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पाकुड़ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिला झामुमो कार्यालय से शिबू सोरेन चौक तक आक्रोश मार्च निकालने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और विभिन्न नारे लगाकर विरोध जताया।प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली एवं हरिवंश चौबे ने संयुक्त रूप से किया। आक्रोश मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्वाचन आयोग के फैसलों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
निर्णयों पर उठाए सवाल—
विज्ञापन
पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, हरिवंश चौबे,जिला सचिव माईकिल मुर्मू एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय सदस्य श्याम यादव ने निर्वाचन आयोग से जुड़े विभिन्न फैसलों पर सवाल उठाए।
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए कुछ फैसले लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं। नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे फैसले किन परिस्थितियों में और किसके प्रभाव में लिए जा रहे हैं। हालांकि, ये आरोप झामुमो नेताओं की ओर से लगाए गए हैं।
राष्ट्रपति से की पदमुक्त करने की मांग—
झामुमो नेताओं ने कहा कि पार्टी निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखेगी। उन्होंने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद”, “ज्ञानेश कुमार गद्दी छोड़ो”, “ज्ञानेश कुमार हाय-हाय” और “मुख्य चुनाव आयुक्त की मनमानी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद—
पुतला दहन एवं विरोध प्रदर्शन में झामुमो के विभिन्न प्रकोष्ठों और प्रखंड इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, मिथिलेष घोष, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, महिला जिला सचिव सुशीला देवी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष कदम रसूल, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष देवीलाल हेम्ब्रम, जिला संगठन सचिव अनरुद्दीन मियां, जिला सह सचिव जहूर आलम, कुणाल अल्फ्रेड हेम्ब्रम, लाल मुहम्मद, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर सचिव नूर आलम समेत विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।इसके अलावा पाकुड़,लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया एवं अमड़ापाड़ा प्रखंड के पदाधिकारी, युवा, महिला, अल्पसंख्यक एवं छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।झामुमो नेताओं ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी और संबंधित संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष अपनी मांगें रखेगी।

