समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को पाकुड़ में कांग्रेस ने विशाल पैदल मार्च निकाला।झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर आयोजित मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉक्टर तनवीर आलम ने किया। नया डीसी मोड़ स्थित शहीद अमरजीत बलिहार चौक से शुरू हुआ मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा।मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुचिता एवं पारदर्शिता तथा पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग—
विज्ञापन
मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनुचित तरीके से प्रभावित नहीं होना चाहिए। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पारदर्शी सत्यापन, आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का मुद्दा—
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सूची के पुनरीक्षण अथवा सत्यापन की प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रहना आवश्यक है। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान प्रदत्त अधिकारों और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए।
समाहरणालय तक निकला मार्च—
नया डीसी मोड़ से शुरू हुआ पैदल मार्च समाहरणालय तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी,विभिन्न विभाग एवं प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष,प्रखंड एवं मंडल अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष,युवा कांग्रेस, एनएसयूआई,महिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस समेत पार्टी के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।कांग्रेस की ओर से मार्च को शांतिपूर्ण बताते हुए कहा गया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाती रहेगी।

