समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी के विरोध में सोमवार को पाकुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शाम 5:30 बजे आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसे विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास करार दिया।
विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं–
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विपक्ष के नेताओं को डराने, धमकाने या राजनीतिक दबाव बनाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के साथ विपक्ष की स्वतंत्र आवाज सुनिश्चित करने की मांग की।कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी उठाई। नेताओं ने कहा कि कानून का इस्तेमाल राजनीतिक भेदभाव के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए।
पाकुड़ से कांग्रेस का संदेश-संविधान की रक्षा का संघर्ष जारी रहेगा—
पुतला दहन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। केंद्र सरकार की नीतियों और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कथित राजनीतिक कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक,गुलाम अहमद उर्फ बकुल,मुख्तार हुसैन, शाहीन परवेज,मनवार आलम,अब्दुल बसीर शेख, डॉक्टर जोहरुल इस्लाम, मिथुन मरांडी,मोहम्मद सिराजुद्दीन, मोतिउर रहमान,डब्ल्यू शेख और तरीकुल शेख सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, विभिन्न विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं पड़ेगा।
