सामचार चक्र संवाददाता
पाकुड़।आस्था,श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब सदर प्रखंड के लखनपुर गांव से पारंपरिक घूरती रथ यात्रा पूरे धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी उद्घोष, शंखध्वनि और भजन-कीर्तन से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।रथ यात्रा लखनपुर से प्रारंभ होकर किस्मत कदमासार गांव तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।इस पावन अवसर पर भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू भी श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे।उन्होंने भगवान जगन्नाथ,बलभद्र और सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचते हुए उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश देने वाला महापर्व है।रथ यात्रा के दौरान गांव की गलियां “जय जगन्नाथ” के नारों से गूंजती रहीं। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।रथ यात्रा के साथ आयोजित मेले में भी लोगों की भारी भीड़ रही। ग्रामीण संस्कृति की झलक, विभिन्न दुकानों की रौनक और पारंपरिक माहौल ने मेले को आकर्षण का केंद्र बना दिया। आसपास के कई गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन के साथ मेले का भी आनंद लिया।बाबुधन ने बताया कि घूरती रथ यात्रा वर्षों पुरानी परंपरा है, जो आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है.यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बना हुआ है।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा क्षेत्र देर तक भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

