समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। विजयादशमी के पावन अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विजयादशमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सत्य की शक्ति, धर्म की प्रतिष्ठा और अधर्म पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में सत्य, न्याय, सदाचार और सकारात्मक विचारों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी संदेश-–
विज्ञापन
उपायुक्त ने जिलेवासियों से विजयादशमी का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को जोड़ने और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश देती हैं। पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम अपने आचरण में सत्य, संयम, सद्भाव और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना को स्थान दें।
असत्य और बुराई के विरुद्ध खड़े होने का संकल्प लें—
डीसी ने कहा कि विजयादशमी हमें याद दिलाती है कि परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों,अंततः सत्य और सदाचार का मार्ग ही समाज को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर बुराइयों का त्याग करने,न्याय का साथ देने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का संकल्प लें।
सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील—
उपायुक्त ने पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी निर्देशों का पालन करने की भी अपील की, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा कि शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक कीजिम्मेदारी है।अंत में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कामना की कि विजयादशमी का पावन पर्व जिलेवासियों के जीवन में सुख,शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा पाकुड़ जिला विकास, प्रगति और सामाजिक सौहार्द की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे।
