विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़-आगामी चुनावी तैयारियों और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने पाकुड़ में एसआईआर हेल्प डेस्क की शुरुआत कर राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा देने का प्रयास किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि आने वाले समय में जिले की प्रत्येक पंचायत में एसआईआर हेल्प डेस्क
स्थापित किया जाएगा,ताकि आम लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं,आवश्यक दस्तावेजों और सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सहायता एक ही स्थान पर मिल सके।पाकुड़ स्थित एआईएमआईएम जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड प्रदेश सह-प्रभारी एवं एमएलसी मिर्जा रियाजुल हसन अफेंदी,पूर्व विधायक अकिल अख्तर और युवा नेता अफीफ अमसल की मौजूदगी में हुआ।इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिर्जा रियाजुल हसन अफेंदी ने कहा कि एआईएमआईएम केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है,बल्कि वर्ष भर जनता की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करती है।उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क आम जनता और प्रशासन के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा,जिससे लोगों को आवश्यक जानकारी और सहयोग समय पर मिल सकेगा।पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना है। प्रत्येक पंचायत में हेल्प डेस्क स्थापित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी दस्तावेजी प्रक्रिया और सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।वहीं युवा नेता अफीफ अमसल ने कहा कि एआईएमआईएम के कार्यकर्ता जनता की हर समस्या के समाधान के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को समय पर मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा लोगों तक सरकारी प्रक्रियाओं और अधिकारों से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का अभियान निरंतर चलाया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन


