विज्ञापन

ललन झा@समाचार चक्र
अमड़ापाड़ा। पिछले एक सप्ताह से विभिन्न मांगों को लेकर ठप कोल परिवहन को पुनः चालू कराने को ले पचुवाड़ा कोल ट्रांसपोर्ट एसोसिएसन की बैठक व वार्ता प्रशासन व कोल कंपनी प्रतिनिधियों के साथ हुई। उल्लेखनीय है कि ट्रांसपोर्टरों ने कोल कंपनियों के अड़ियल रवैये के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया था। गत शनिवार- रविवार से ही कोयला वाहक डंपरों का परिचालन पूर्णतः अवरुद्ध था। ट्रांसपोर्टर अपनी जरूरी मांगों पर अड़े हुए थे। इसी के तहत रविवार को आरएस पैलेस में हुई इस त्रिपक्षीय वार्ता में एसडीओ साइमन मरांडी, एवं एसडीपीओ विजय कुमार तथा इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा सहित बीजीआर एवं डीबीएल कोल कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे। वार्ता सकारात्मक और सफल रही। ट्रांसपोर्टर तत्काल कोल परिवहन को राजी हो गए। लंबे विमर्श के बाद बैठक में यह सहमति बनी कि यदि अगले दो माह में ट्रिप में वृद्धि नहीं हुई तो रेट रिवाइज किया जाएगा। तत्काल माल ढुलाई दर में 10 रुपए प्रति टन की वृद्धि को स्वीकारा गया। सहमति की दूसरी अहम बिंदू यह रही कि ट्रांसपोर्टरो की समस्याओं के निवारण हेतु दस सदस्यों की एक विशेष कमिटी गठित होगी।यह कमेटी एक्सीडेंट और अन्य परिचालन संबंधी मुद्दों पर कंपनी के समानांतर कार्य करेगी। वहीं जीएसटी भुगतान पर डीबीएल कंपनी के मौजूद प्रतिनिधि ने यह आश्वासन दिया है कि जीएसटी का भुगतान अब से नियमित रूप से किया जाएगा। दुर्घटना व्यय पर यह सहमति बनी कि सड़क दुर्घटना में होने वाले थर्ड पार्टी का संपूर्ण खर्च वहन अब पूरी तरह से कंपनी द्वारा किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक वर्ष अप्रैल के महीने में रेट की अनिवार्य समीक्षा (रेट रिवीजन) की जाएगी। इस प्रकार प्रशासनिक मध्यस्थता में ट्रांसपोर्ट एसोसिएसन और कोल कंपनी की वार्ता संपन्न हुई।
विज्ञापन

विज्ञापन


