समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में हुई महिला की निर्मम हत्या की गुत्थी को पाकुड़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर अंजाम दी गई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने तत्काल विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया और टीम ने तेज गति से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।28 जुलाई 2026 को शामपुर गांव में एक महिला की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस हरकत में आ गई। मामले में कांड संख्या 43/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।जांच के दौरान एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और मानवीय आसूचना को आधार बनाकर लगातार छापेमारी की। टीम की रणनीति रंग लाई और वारदात के महज 24 घंटे के भीतर शामपुर निवासी हथीया हेम्ब्रम (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच की गई। इसी का परिणाम रहा कि गंभीर और चुनौतीपूर्ण माने जा रहे इस हत्याकांड का खुलासा बेहद कम समय में संभव हो सका। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
त्वरित कार्रवाई बनी सफलता की कुंजी——
पाकुड़ पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया है कि गंभीर अपराधों में त्वरित अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग अपराधियों तक शीघ्र पहुंचने में निर्णायक भूमिका निभाता है। हत्या जैसे जघन्य अपराध का 24 घंटे के भीतर खुलासा पुलिस की सक्रियता और समन्वित कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे—–
इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने किया। टीम में लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार पंडित, मोतिलाला मिश्र, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार मंडल, तकनीकी शाखा की टीम तथा लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

