समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़।झारखंड की राजनीति ने एक ऐसे जनप्रिय और समर्पित नेता को खो दिया, जिसकी कार्यशैली में संवेदनशीलता, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती थी। राज्य सरकार के उच्च शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) परिवार शोक में डूब गया है।सोमवार को धनुषपूजा स्थित जिला झामुमो कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में शोकसभा आयोजित की गई। गमगीन माहौल में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।शोकसभा की शुरुआत में अजीजुल इस्लाम, पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू और महिला जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम सहित अन्य नेताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
झामुमो ने अपना मजबूत स्तंभ खो दिया-अजीजुल इस्लाम
शोकसभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झामुमो के मजबूत स्तंभ और बेहद संवेदनशील नेता थे।उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालते हुए सुदिव्य कुमार सोनू ने अपनी कार्यशैली और दूरदर्शिता से कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। संगठन हो या सरकार, उन्होंने हमेशा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी।अजीजुल इस्लाम ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय चले जाना केवल झामुमो के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्याम यादव ने कहा,हमेशा याद आएगा जन-जन से जुड़ाव—
पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव ने भी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन अत्यंत स्तब्ध करने वाला है। उनकी कार्यकुशलता, सहज व्यवहार और आम लोगों से जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा।
नम आंखों से नेताओं ने किया याद–
श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक एवं मिथिलेश घोष, जिला सह सचिव जहूर आलम, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष कदम रसूल, महिला मोर्चा जिला सचिव सुशीला देवी, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, अमड़ापाड़ा प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा तथा जिला मीडिया प्रभारी अफताब आलम सहित सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।सभी ने एक स्वर में कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का जाना झामुमो परिवार के लिए ऐसी कमी है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।शोकसभा के अंत में कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

