ललन झा@समाचार चक्र
अमड़ापाड़ा। इलाके का जाना-पहचाना किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिन-दहाड़े हुई लूट की घटना से स्थानीय व्यवसायी दहशत में हैं। जानकारी मिली कि बुद्धवार को दिन के तीन बजे तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने हथियार की नोक पर दस मिनट में लाखों के जेवरात लूट लिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पता चला कि तीनों अपराधी रेनकोट और हेलमेट पहने दुकान के अंदर दाखिल हुए। जब बदमाशों ने दुकान के अंदर प्रवेश किया, उस समय उक्त आभूषण दुकान के मालिक मनोज वर्मा के छोटे पुत्र आकास वर्मा वहां मौजूद थे। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने प्रवेश करते भी फायरिंग किया जिससे भयभीत हो आकास घर के अंदर भाग गए और बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के सारे फूटेज दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो चुके हैं।
एसपी अनुदीप सिंह भी पहुंचे ज्वेलरी शॉप पर
शाम के करीब पौने छह बजे एसपी अनुदीप सिंह भी उल्लिखित आभूषण दुकान पर पहुंचे। स्थल का मुआयना किया। लूट की घटना के दौरान मौजूद दुकान मालिक के छोटे पुत्र आकास वर्मा से पूछताछ किया। सीसी टीवी फुटेज को देखा।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ और थाना प्रभारी स्पॉट पर पहुंचे
लूट की वारदात की खबर मिलते ही इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा स्थल पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसडीपीओ विजय कुमार भी ज्वेलरी शॉप पर पहुंच गए और आवश्यक पड़ताल में जुट गए। पुलिस अधिकारी सीसी टीवी फुटेज को खंगाल रहे हैं। फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिस की जा रही है। जिले के विभिन्न थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
दो गोली चलने की रही चर्चा
जानकारी मिली कि अपराधियों ने दुकान में प्रवेश करते ही दहशत बनाने के लिए एक गोली चलाई। फिर आभूषण लूटने के बाद दुकान से निकलने के दौरान दूसरी गोली भी चलाई, जिसमें दुकान-मालिक के पुत्र आकास वर्मा बाल-बाल बच गए। दुकान के अंदर फर्श पर गोली के एक खोखे भी पड़े मिले। हालांकि इस संदर्भ में पुलिस पदाधिकारियों ने कोई आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं किया है।अपराधी अपराध को अंजाम दे दुर्गा मंदिर होते हुए बासमती-बलियाडांगा सड़क की ओर भाग गए। लोगों ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बलियाडांगा की ओर तेजी से भागे।

