समाचार चक्र संवाददाता
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के कुड़ापाड़ा में शिव मंदिर के समीप एक घर में कथित रूप से चल रहे अवैध गांजा कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने 6 सितंबर को कार्रवाई करते हुए 194.85 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, कुड़ापाड़ा स्थित सामुदायिक भवन के निकट शिव मंदिर के पास एक घर में गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करते हुए पुलिस ने दंडाधिकारी के साथ मौके पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने राजेश घोष (45), पिता स्व. भगत चंद्र घोष, निवासी कुड़ापाड़ा को पकड़ लिया।
घर बना था नशे के कारोबार का ठिकाना—-
दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपी और उसके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 194.85 ग्राम गांजा, गांजा तौलने वाली तीन मशीनें, एक मोबाइल फोन, 1,090 रुपये नकद और गांजा भरने के लिए चार बंडल प्लास्टिक जिपर बरामद किए गए।बरामद तौल मशीन और पैकिंग सामग्री ने पुलिस की कार्रवाई को और गंभीर बना दिया है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
एनडीपीएस एक्ट में केस,आरोपी भेजा गया जेल
मामले को लेकर पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 209/26, दिनांक 06.09.2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(b)(ii)(A), एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार राजेश घोष को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
एसपी के निर्देश पर एसआईटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई—-
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर हुई। छापेमारी टीम का नेतृत्व एसडीपीओ कुमार गौरव ने किया। टीम में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक सनी सुप्रभात, अनंत शाह एवं दिनेश सिंह, सहायक अवर निरीक्षक सविता कुमारी तथा नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से कुड़ापाड़ा में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अब पुलिस की जांच इस बात पर भी टिकी है कि बरामद गांजा कहां से लाया जाता था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।

