विक्की@समाचार चक्र
पाकुड़िया। पाकुड़िया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार हाइवा ने साइकिल सवार मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक हाइवा लेकर फरार होने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सरला गांव के पास वाहन को पकड़ लिया। मृतक की पहचान रामघाटी निवासी 45 वर्षीय दिनेश बेसरा,पिता स्व. सुरीन बेसरा के रूप में हुई है।
काम से घर लौट रहा था मजदूर—
जानकारी के अनुसार,दिनेश बेसरा मंगलवार को गुमराजोली पहाड़ में दिहाड़ी मजदूरी करने गए थे। काम खत्म करने के बाद वह साइकिल से अपने घर रामघाटी लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे पाकुड़िया से नलहटी जाने वाले पीडब्ल्यूडी मुख्य मार्ग पर तेगुड़िया गांव के पास राधानगर क्रेशर की ओर गिट्टी लोड करने जा रहे बिहार नंबर के हाइवा बीआर 28 जीबी 4460 ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा मजदूर को कुचलते हुए आगे निकल गया और दिनेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा कर सरला गांव के पास हाइवा को पकड़ लिया और उसे जब्त कर पाकुड़िया थाना ले आई।
सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन—
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस के पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों में आक्रोश बना रहा। परिजन और ग्रामीण उचित मुआवजे और हाइवा चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर बैठ गए। देखते ही देखते पाकुड़िया-नलहटी मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।पुलिस ने मंगलवार रात जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। रातभर सड़क जाम रहा और बुधवार सुबह भी ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहा।
चार थानों की पुलिस पहुंची,घंटों चला समझाने का दौर—
स्थिति बिगड़ती देख बुधवार सुबह एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार और बीडीओ सोमनाथ बनर्जी चार थानों—पाकुड़िया,महेशपुर,अमड़ापाड़ा और रद्दीपुर के पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे।अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।लंबी बातचीत और प्रशासन की ओर से आश्वासन के बाद ग्रामीण दोपहर करीब 12 बजे जाम हटाने पर सहमत हुए।
इन मांगों पर मिला प्रशासन का आश्वासन—
प्रशासन ने मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत बाबा साहेब आवास उपलब्ध कराने,आपदा प्रबंधन मद से सहायता राशि दिलाने, मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन स्वीकृत कराने तथा बच्चों की शिक्षा के लिए उचित सहयोग का आश्वासन दिया।साथ ही हाइवा बीआर 28 जीबी 4460 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया—
दिनेश बेसरा दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।पिता की मौत के बाद चार मासूम बच्चों के सामने अब पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

