विज्ञापन

समाचार चक्र संवाददाता
कोटालपोखर-साहिबगंज जिले के कोटालपोखर क्षेत्र अंतर्गत बंशीकाटा गांव के 9 वर्षीय बालक मिचेल जॉन सोरेन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर फुटबॉल जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कम उम्र में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए मिचेल को पंजाब स्थित मिनर्वा फुटबॉल अकादमी में 10 वर्षों के लिए 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप प्रदान की गई है।मिचेल जॉन सोरेन, जॉनसन सोरेन के पुत्र हैं, जो स्वयं झारखंड डायनमोज फुटबॉल अकादमी के कोच हैं। मिचेल ने मात्र 3 वर्ष की उम्र से ही अपने पिता के साथ फुटबॉल की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। बचपन से ही बड़े खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करते हुए उन्होंने 4 साल की उम्र में बॉल फीलिंग, जगलिंग और ड्रिब्लिंग जैसे कौशल सीख लिए थे। 5 वर्ष की उम्र तक वह 1000 से अधिक बार लगातार जगलिंग करने लगे थे।उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उनके पिता उन्हें कोलकाता के प्रतिष्ठित ईस्ट बंगाल क्लब लेकर गए,जहां मिचेल ने अंडर-8 ब्लू क्यूब टूर्नामेंट में 9 मैचों में 17 गोल कर सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाया।हालांकि वहां सप्ताह में केवल तीन दिन ही प्रशिक्षण होता था, इसके बावजूद मिचेल ने अपनी मेहनत जारी रखी।मिचेल सप्ताह में चार दिन स्कूल जाते थे और बाकी दिन कोलकाता जाकर प्रशिक्षण लेते थे। इसके अलावा घर पर भी वह सुबह 4 बजे से झारखंड डायनमोज फुटबॉल अकादमी में अभ्यास करते और फिर स्कूल जाने के बाद दोपहर में स्कूल मैदान में भी अभ्यास करते थे। स्कूल में उनके कोच विवेक थामी उन्हें फुटबॉल के गुर सिखाते थे।मिचेल की प्रतिभा तब और चर्चा में आई जब उनकी 1000 से अधिक बार जगलिंग करने की वीडियो एक यूट्यूबर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई,जिसे मिनर्वा फुटबॉल अकादमी,पंजाब के संचालक रणजीत बजाज ने देखा। उन्होंने मिचेल को ट्रायल के लिए बुलाया,जहां उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर उन्हें 10 वर्षों के लिए पूर्ण स्कॉलरशिप प्रदान की गई।मिचेल की इस सफलता में सेंट जेवियर्स स्कूल,कोटालपोखर के शिक्षकों,विशेषकर फुटबॉल कोच विवेक थामी और प्राचार्य फादर स्टीफन राज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।इसके अलावा,जब मिचेल को ट्रायल के लिए पंजाब जाना था और ट्रेन की टिकट नहीं मिल पा रही थी, तब शहरकोल के मुखिया विकाश गोंड ने मदद करते हुए हवाई जहाज की टिकट उपलब्ध कराई,जिसके लिए परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया है।मिचेल की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन


